देहरादून : पहलगाम आतंकी हमले के बाद सभी पाकिस्तानी नागरिकों के सामान्य और मेडिकल वीजा तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस संबंध में केंद्र सरकार के निर्देशों का सख्ती से पालन करने के आदेश दिए हैं। उत्तराखंड में पाकिस्तानी नागरिकों की संख्या लगभग 250 है, जिनकी पहचान और उनके वीजा स्थिति की जांच तेज कर दी गई है।
उत्तराखंड में पाकिस्तानी कितने?
उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों जैसे देहरादून, हरिद्वार, और नैनीताल में वर्तमान में लगभग 250 पाकिस्तानी नागरिक प्रवास कर रहे हैं। इनमें से 247 नागरिक लॉन्ग टर्म वीजा (LTV) पर हैं, जो अधिकांशतः पाकिस्तानी हिंदू समुदाय से हैं। वहीं, 3 नागरिक शॉर्ट टर्म वीजा पर प्रवासरत हैं। भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि लॉन्ग टर्म वीजा, ऑफिशियल, और डिप्लोमैटिक वीजा धारकों पर यह निरस्तीकरण लागू नहीं होगा। शॉर्ट टर्म वीजा पर रह रहे तीन पाकिस्तानी नागरिकों में से दो को पहले ही वापस भेजा जा चुका है, जबकि तीसरे को वापस भेजने की प्रक्रिया जारी है।
केंद्र सरकार के निर्देश
पहलगाम हमले के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक में लिए गए निर्णयों के तहत सभी सामान्य वीजा धारकों को 27 अप्रैल, 2025 तक और मेडिकल वीजा धारकों को 29 अप्रैल, 2025 तक पाकिस्तान वापस लौटने का निर्देश दिया गया है। विदेश मंत्रालय ने भी इस संबंध में सभी राज्यों को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
वीजा रद्द, लेकिन LTV धारकों को छूट
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि पहलगाम में हुई आतंकी घटना के मद्देनजर विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं निलंबित कर दी हैं। सभी वैध सामान्य वीजा 27 अप्रैल, 2025 से और मेडिकल वीजा 29 अप्रैल, 2025 से अमान्य होंगे। हालांकि, लॉन्ग टर्म वीजा और राजनयिक वीजा धारक इस आदेश से मुक्त रहेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस महानिदेशक (DGP) को निर्देश दिए हैं कि सभी जनपदों में पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उनके वीजा की स्थिति की जांच की जाए। अपर सचिव गृह श्रीमती निवेदिता कुकरेती ने विदेश मंत्रालय के निर्देशों के अनुपालन में पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना व सुरक्षा), आयुक्त, और पुलिस महानिरीक्षक (गढ़वाल व कुमाऊं) को पत्र जारी कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
प्रदेश के जिलों में पुलिस को दिए गए निर्देश
उत्तराखंड पुलिस ने सभी जनपदों के SSP/SP को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए खुफिया तंत्र को सक्रिय किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसी भी प्रकार की असुरक्षा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और केंद्र सरकार के साथ मिलकर हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
“पहलगाम हमले के बाद केंद्र सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए उत्तराखंड में पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान और उनके वीजा की जांच तेज कर दी गई है। हमारी प्राथमिकता प्रदेश की सुरक्षा और शांति सुनिश्चित करना है।”
-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
उत्तराखंड में पाकिस्तानी : भविष्य के लिए सतर्कता जरूरी
उत्तराखंड सरकार ने केंद्र के निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही शुरू कर दी है और शीघ्र ही सभी शॉर्ट टर्म वीजा धारकों को वापस भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। साथ ही, लॉन्ग टर्म वीजा धारकों की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके। राज्य सरकार ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में रह रहे विदेशी नागरिकों का रिकॉर्ड अपडेट करें और केंद्र सरकार के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री धामी ने दोहराया कि राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा और इस दिशा में राज्य सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है।
प्रकाश जोशी हिंदी पत्रकारिता का जाना पहचाना नाम हैं। बिजनेस, ऑटो, टेक और आर्थिक मामलों के जानकार है। लगभग 25 वर्षों से विभिन्न संस्थानों में सेवाएं दे चुके हें। विभिन्न विषयों पर कई पुस्तकें प्रकाशित। कई मीडिया शो और इंटरव्यू के जरिए दुनियाभर में अपनी पहचान बना चुके हैं। UNCUT TIMES के वरिष्ठ सहयोगी के रूप में टीम का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
Discover more from Uncut Times - ब्रेकिंग न्यूज, फैक्ट चेक, विश्लेषण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


