चैत्र अष्टमी मेला 2025 : चौखुटिया में सीएम पुष्कर धामी ने कीं कई घोषणाएं

Uttarakhand News : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चैत्र अष्टमी के पावन अवसर पर चौखुटिया स्थित ऐतिहासिक मां अग्नेरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने सभी को नवरात्रि और राम नवमी की शुभकामनाएं भी दीं।

पारंपरिक संस्कृति का संगम बना चैत्र अष्टमी मेला

चैत्र अष्टमी मेले में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी का क्षेत्रवासियों ने भव्य स्वागत किया। इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “मैं कत्यूर वंश की कुलदेवी और गैवाड़ क्षेत्र की रक्षक मां अग्नेरी को नमन करता हूं। यह मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी लोक संस्कृति, कला और परंपराओं को संजोने वाला उत्सव है।” मुख्यमंत्री ने इस मेले में कुमाऊं-गढ़वाल की लोककलाओं, पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नशा मुक्ति जैसे सामाजिक संदेशों से परिपूर्ण झांकियों और नाटकों की विशेष सराहना की।

यह भी पढ़ें : चारधाम यात्रा में रील बनाने वालों पर सीएम धामी क्या बोले?

जागेश्वर प्रसादम योजना का शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय की पहल पर हिमोत्थान योजना के तहत “जागेश्वर प्रसादम योजना” का शुभारंभ किया। इसके तहत:

  • स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं जागेश्वर धाम के लिए प्रसाद तैयार करेंगी।
  • प्रसाद में बाल मिठाई, तांबे का सिक्का, जागेश्वर धाम की प्रतिमा और एक जानकारी पुस्तक शामिल होगी।
  • इससे जहां ताम्र उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, वहीं महिलाओं की आर्थिकी भी सशक्त होगी।

मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताया।

महिलाओं को सौंपे गए चेक, “लखपति दीदी योजना” को बताया ऐतिहासिक पहल

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और हिमोत्थान योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य कर रही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और विकास हेतु चेक सौंपे। उन्होंने कहा, “लखपति दीदी योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने का संकल्प हमारी सरकार ने लिया है और इस दिशा में लगातार कार्य हो रहा है।” मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड में देश का सबसे सशक्त नकल विरोधी कानून बनाकर 100 से अधिक दोषियों को जेल भेजा गया है। इससे युवाओं को ईमानदारी से सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में 22,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्त किया गया है।

यह भी पढ़ें : देहरादून से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद के लिए फ्लाइट

मुख्यमंत्री ने की बड़ी घोषणाएं, क्षेत्र को मिलेगी नई सौगातें

मुख्यमंत्री धामी ने कई विकास परियोजनाओं की घोषणा करते हुए कहा:

  • चौखुटिया महाविद्यालय में आगामी सत्र से अर्थशास्त्र और अंग्रेजी में स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू होंगी।
  • स्नातक स्तर पर विज्ञान विषय की कक्षाएं भी शुरू की जाएंगी।
  • द्वाराहाट क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्राकृतिक स्रोतों के पुनर्जीवन की वैज्ञानिक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
  • गगास नदी में आवश्यकतानुसार चेक डैम का निर्माण किया जाएगा।
  • राष्ट्रीय राजमार्गों जैसे ज्योलीकोट, भवाली, खैरना, मजखाली, द्वाराहाट, चौखुटिया, कर्णप्रयाग पर जल्द कार्य शुरू होगा।
  • चौखुटिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की क्षमता 30 से बढ़ाकर 50 बेड की जाएगी, साथ ही डिजिटल एक्स-रे मशीन भी उपलब्ध कराई जाएगी।
  • रामगंगा नदी के दोनों ओर तटबंधों का निर्माण किया जाएगा।
  • GIC द्वाराहाट का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डॉ. इंदर लाल साह के नाम पर किया जाएगा।
  • रामगढ़-कुनीगढ़ मोटर मार्ग का नाम शहीद सूबेदार भवानी दत्त जोशी के नाम पर रखा जाएगा।

केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा और जनप्रतिनिधियों ने की सराहना

कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा ने मां अग्नेरी मंदिर की ऐतिहासिक महत्ता को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री धामी की भूमि कानून और नकल विरोधी कानून जैसे ऐतिहासिक फैसलों की प्रशंसा की। उन्होंने डबल इंजन सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों को सराहा। क्षेत्रीय विधायक मदन बिष्ट ने भी क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री से और अधिक योजनाएं लाने की मांग की।

इस ऐतिहासिक अवसर पर विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, शिव सिंह बिष्ट, गंगा बिष्ट, अनिल साही, रेवती देवी, कुलदीप बिष्ट, दयाल सिंह, DM आलोक कुमार पांडेय, SSP देवेंद्र पींचा, CDO दिवेश शाशनी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : Google Maps Time Travel में देखें, पहले कैसा था आपका शहर

SD Pandey

शंकर दत्त पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं और पिछले चार दशक से मीडिया की दुनिया में सक्रिय हैं। Uncut Times के साथ वरिष्ठ सहयोगी के रूप से जुड़े हैं। उत्तराखंड की पत्रकारिता में जीवन का बड़ा हिस्सा बिताया है। कुमाऊं के इतिहास की अच्छी जानकारी रखते हैं। दर्जनों पत्र-पत्रिकाओं में समसामयिक और शोधपरक लेख प्रकाशित। लिखने-पढ़ने और घूमने में रुचि। इनसे SDPandey@uncuttimes.com पर संपर्क कर सकते हैं।


Discover more from Uncut Times - ब्रेकिंग न्यूज, फैक्ट चेक, विश्लेषण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Scroll to Top