Uttarakhand Panchayat Election Results : उत्तराखंड पंचायत चुनाव के नतीजों ने आम लोगों के साथ सियासी दिग्गजों को भी चाैंकाया है। जनता ने अंतिम समय पर बड़े नेताओं को भी अंदाजा नहीं होने दिया कि उसके दिल में क्या है। कई सीटों पर रोचक मुकाबलों के बाद परिणाम अप्रत्याशित रहे।
विधायक अपने बेटे को न जिता सके
अल्मोड़ा जिले के स्याल्दे ब्लॉक की बबलिया सीट से क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव एक दिलचस्प मुकाबला बन गया, जब मैदान में उतरे सल्ट के वर्तमान विधायक महेश जीना के बेटे करन जीना को शिकस्त का सामना करना पड़ा। यह हार साधारण नहीं, बल्कि एक राजनीतिक घराने की साख पर सीधी चोट मानी जा रही है। करन जीना की हार का झटका इसलिए भी बड़ा है क्योंकि वे न केवल प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से आते हैं, बल्कि उन्हें आगामी ब्लॉक प्रमुख पद के लिए भी प्रबल दावेदार माना जा रहा था। करन को कांटे की टक्कर में करन नेगी ने हराया। महज़ 50 वोटों का अंतर रहा, लेकिन इसके मायने गहरे हैं। महेश जीना स्वयं दो बार से विधायक हैं, और उनके चाचा इससे पहले तीन बार लगातार विधानसभा की कुर्सी संभाल चुके हैं। ऐसे में करन जीना की हार को स्थानीय राजनीति में सत्ता के बदलते समीकरणों और जनमानस के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की बहू फिर जीती
अल्मोड़ा जिले में ताकुला की निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख और क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की बहू मिनाक्षी आर्या ने एक बार फिर अपनी राजनीतिक ताकत का लोहा मनवाया है। उन्होंने सुनाडी क्षेत्र पंचायत सीट पर शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 170 मतों से हराकर सीट पर कब्जा जमाया। मिनाक्षी आर्या वर्तमान में भी ब्लॉक प्रमुख पद पर कार्यरत हैं और इस बार भी उन्हें ब्लॉक प्रमुख पद की दौड़ में सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। जीत के बाद उन्होंने क्षेत्र के मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह जनादेश उनके कार्यों पर जनता के भरोसे की मुहर है। उनकी जीत के बाद समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह पटाखे फूटे, मिठाइयां बांटी गईं और जयकारे गूंजे। यह जीत सिर्फ एक चुनावी विजय नहीं, बल्कि सत्ता में उनके प्रभाव और जनसमर्थन की नई पुष्टि भी है। अब सभी की नजरें ब्लॉक प्रमुख पद के अगले चुनाव पर टिकी हैं, जिसमें एक बार फिर मिनाक्षी आर्या की ताजपोशी तय मानी जा रही है।
विधायक दीवान सिंह बिष्ट की बहू भी जीती
नैनीताल जिले के रामनगर में विधायक दीवान सिंह बिष्ट की बहू श्वेता बिष्ट चुनाव जीत गई है। रामनगर की शंकरपुर भुल से दूसरी बार विधायक दीवान सिंह बिष्ट की बहू व भाजपा के पूर्व भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष जगमोहन बिष्ट की पत्नी चुनाव लड़ी थी। उनकी प्रतिद्वंद्वी पूर्व ब्लाक प्रमुख की बहन नीमा नेगी चुनाव मैदान में थी। दोनों के बीच टक्कर थी। मतगणना में पहले नीमा नेगी आगे थी। इसके बाद वह पीछे होती चली गई। श्वेता ने नीमा देवी को 61 मतों से पराजित किया। श्वेता इस बार की ब्लाक प्रमुख पद की भी मजबूत दावेदार है। श्वेता पूर्व में ब्लाक प्रमुख का चुनाव लड़ चुकी है, लेकिन वह ब्लाक प्रमुख का चुनाव हार गई थी।


मनीषा हिंदी पत्रकारिेता में 20 वर्षों का गहन अनुभव रखती हैं। हिंदी पत्रकारिेता के विभिन्न संस्थानों के लिए काम करने का अनुभव। खेल, इंटरटेनमेंट और सेलीब्रिटी न्यूज पर गहरी पकड़। Uncut Times के साथ सफर आगे बढ़ा रही हैं। इनसे manisha.media@uncuttimes.com पर संपर्क कर सकते हैं।
Discover more from Uncut Times - ब्रेकिंग न्यूज, फैक्ट चेक, विश्लेषण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.