नैनीताल। जिले के लालकुआं के हल्दूचौड़ क्षेत्र के जग्गी गांव से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा का सपना देखने वाले 24 वर्षीय करन कांडपाल का सपना अधूरा रह गया। अवसाद से जूझते हुए करन ने जहरीला पदार्थ खा लिया और अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अचानक बिगड़ी तबीयत
शनिवार दोपहर करन कांडपाल पुत्र नवीन चंद्र कांडपाल के पेट में अचानक तेज दर्द उठा। परिजन उसे तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी ले गए। डॉक्टरों ने काफी प्रयास किया, लेकिन देर रात करन ने दम तोड़ दिया। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सेना में भर्ती का अधूरा सपना
करन ने इस वर्ष एलबीएस कॉलेज से बीएससी की परीक्षा अच्छे अंकों से पास की थी। पढ़ाई में रुचि रखने वाला और शांत स्वभाव का यह छात्र भारतीय सेना में भर्ती होना चाहता था। ग्रामीणों और कॉलेज प्रबंधन के अनुसार उसने कई बार प्रयास किए, लेकिन सफलता न मिलने से वह गहरे अवसाद में चला गया। काउंसलिंग के प्रयास भी उसकी निराशा को दूर नहीं कर पाए।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
करन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। बेटे की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर किसी की जुबान पर यही सवाल है कि अगर करन का सपना पूरा होता, तो शायद आज यह दुखद घटना न होती।


मनीषा हिंदी पत्रकारिेता में 20 वर्षों का गहन अनुभव रखती हैं। हिंदी पत्रकारिेता के विभिन्न संस्थानों के लिए काम करने का अनुभव। खेल, इंटरटेनमेंट और सेलीब्रिटी न्यूज पर गहरी पकड़। Uncut Times के साथ सफर आगे बढ़ा रही हैं। इनसे manisha.media@uncuttimes.com पर संपर्क कर सकते हैं।
Discover more from Uncut Times - ब्रेकिंग न्यूज, फैक्ट चेक, विश्लेषण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.