उन्होंने कहा कि हल्द्वानी की यह सबसे बड़ी मांग रही है। इस पर सरकार ने गंभीरता से विचार किया है। कैंचीधाम जाने वाले वाहनों की जाम की समस्या पर उन्होंने अधिकारियों को भवाली बाईपास निर्माण में आ रही कमियां को दूर करने का निर्देश दिए हैं। कहा कि कार्य तेज गति से हो इसकी मानीटरिंग की जाएगी।
एसटीएच कर्मियों को मिलेगा जल्द वेतन : मुख्यमंत्रीमुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सुशीला तिवारी अस्पताल के वेतन प्रकरण की जानकारी उनके संज्ञान में आई है। इसके समाधान के लिए मुख्यमंत्री के सचिव एवं कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को निर्देशित किया गया है। वे संबंधित विभागों व वित्त विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर जल्द समाधान निकालेंगे।
मानसून बाद सुचारू होगी चार धाम यात्रा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून की आपदा से राज्य को भारी नुकसान हुआ है और चार धाम यात्रा एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मानसून के बाद युद्ध स्तर पर सड़क मरम्मत व सुधार कार्य कराए जाएंगे, ताकि चार धाम यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो सके। इसकी मॉनीटरिंग वह स्वयं करेंगे।
कुमाऊं की सड़कों पर मानसून खत्म होते ही काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून समाप्त होते ही कुमाऊं क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों के पैचवर्क और नए निर्माण कार्य शुरू होंगे। इसके लिए एनएच और लोनिवि अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केंद्र सरकार द्वारा राहत, बचाव और पुनर्निर्माण के लिए दिए गए पैकेज से अधिकतम कार्य करवाए जाएंगे।
कांग्रेस पर बरसे धामी
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हारने पर आरोप लगाना कांग्रेस की आदत है। कभी ईवीएम को दोषी ठहराती है तो कभी चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है। लेकिन जनता कांग्रेस के इन हथकंडों को भलीभांति जानती है।
पीएम मोदी का किया गुणगान
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गरीबों का सच्चा हितैषी बताते हुए कहा कि गरीबों के लिए सबसे अधिक योजनाएं मोदी सरकार ने चलाई हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आजाद भारत के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिनका सम्मान पूरी दुनिया करती है। चुनाव के समय पूरा देश उन्हें जिताने के लिए एकजुट होकर खड़ा हो जाता है।