भूमि खरीद घोटाला : मुख्यमंत्री के निर्देश पर 4 अधिकारी निलंबित, जांच के आदेश

भूमि खरीद घोटाला मुख्यमंत्री के निर्देश पर चार अधिकारी निलंबित, जांच के आदेश

हरिद्वार : उत्तराखंड के हरिद्वार में नगर निगम द्वारा की गई भूमि खरीद घोटाला सामने आने के बाद सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में इस प्रकरण में संलिप्त पाए गए चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही एक कर्मचारी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई, और एक अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।

भूमि खरीद घोटाला : क्या है पूरा मामला?

नगर निगम हरिद्वार द्वारा सराय स्थित एक भूखंड को क्रय किए जाने के दौरान नियमों की अनदेखी और प्रक्रियात्मक खामियों के आरोप लगे। नगर आयुक्त द्वारा दी गई प्रारंभिक रिपोर्ट में गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि हुई, जिसके बाद मामले की विस्तृत जांच के लिए रणवीर सिंह चौहान, सचिव (गन्ना व चीनी विभाग) को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया।

यह भी पढ़ें : उत्तराखंड भू-कानून विधेयक को राज्यपाल की मंजूरी, जानें क्या बदलेगा

ये अधिकारी निलंबित

जांच रिपोर्ट के आधार पर पाया गया कि निम्नलिखित अधिकारियों ने समिति सदस्य होते हुए भी अपने दायित्वों का समुचित पालन नहीं किया:

  1. रवीन्द्र कुमार दयाल – अधिशासी अधिकारी श्रेणी-2 (प्रभारी सहायक नगर आयुक्त)

  2. आनन्द सिंह मिश्रवाण – सहायक अभियंता (प्रभारी अधिशासी अभियंता)

  3. लक्ष्मीकांत भट्ट – कर एवं राजस्व अधीक्षक

  4. दिनेश चन्द्र काण्डपाल – अवर अभियंता

भूमि खरीद घोटाला सामने आने पर इन सभी अधिकारियों को शासन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

यह भी पढ़ें : जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण की जांच के आदेश

इन पर भी कार्रवाई

  • वेदपाल (सेवानिवृत्त सम्पत्ति लिपिक, सेवा विस्तार पर कार्यरत) – उन पर भी संलिप्तता पाई गई, सेवा विस्तार समाप्त कर अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

  • निकिता बिष्ट (वरिष्ठ वित्त अधिकारी) – उनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया है।

जांच के लिए विशेष अधिकारी नियुक्त

हरिद्वार नगर निगम में हुई इस कार्रवाई ने स्थानीय प्रशासन में हलचल मचा दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने रणवीर सिंह चौहान को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि राज्य में भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

उत्तराखंड की लेटेस्ट अपडेट न्यूज के लिए जुड़े रहें Uncuttimes.com से!

SD Pandey

शंकर दत्त पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं और पिछले चार दशक से मीडिया की दुनिया में सक्रिय हैं। Uncut Times के साथ वरिष्ठ सहयोगी के रूप से जुड़े हैं। उत्तराखंड की पत्रकारिता में जीवन का बड़ा हिस्सा बिताया है। कुमाऊं के इतिहास की अच्छी जानकारी रखते हैं। दर्जनों पत्र-पत्रिकाओं में समसामयिक और शोधपरक लेख प्रकाशित। लिखने-पढ़ने और घूमने में रुचि। इनसे SDPandey@uncuttimes.com पर संपर्क कर सकते हैं।


Discover more from Uncut Times - ब्रेकिंग न्यूज, फैक्ट चेक, विश्लेषण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Scroll to Top