जमरानी बांध पर बड़ा अपडेट : आ गई तारीख, सीएम-गवर्नर ने देखा काम

देहरादून/हल्द्वानी :  उत्तराखंड के कुमाऊं रेंज में बन रहे जमरानी बांध और गढ़वाल संभाग में सौंग बांध प्रोजेक्ट को लेकर बड़ी खबर है। इन दोनों परियोजनाओं को निर्धारित समय से पहले कार्य पूर्ण करने की बात सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए काम को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने किया हवाई निरीक्षण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) के साथ मिलकर जमरानी बांध परियोजना के चल रहे कार्यों का हवाई निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में और तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएम ने इस बारे में देहरादून में एक उच्च स्तरीय बैठक भी की। इस बैठक में उन्होंने जमरानी बांध बहुद्देशीय परियोजना और सौंग बांध पेयजल परियोजना के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजनाओं को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने और निर्धारित समय से पहले कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखने को कहा।

जमरानी बांध परियोजना समय से पहले पूर्ण करने का लक्ष्य

जमरानी बांध परियोजना उत्तराखंड के नैनीताल जिले में गोला नदी पर प्रस्तावित एक बहुद्देशीय योजना है, जिसे अब दिसंबर 2028 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो पहले निर्धारित जून 2029 के समय-सीमा से छह महीने पहले है। लगभग ₹3808 करोड़ की लागत वाली इस परियोजना में 150.6 मीटर ऊंचे बांध का निर्माण, 42.92 किलोमीटर लंबी नहर का पुनर्निर्माण और 21.25 किलोमीटर लंबी नई नहर का निर्माण शामिल है। यह परियोजना हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों की लगभग 10.50 लाख आबादी को 117 मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) पेयजल उपलब्ध कराएगी, साथ ही 57,000 हेक्टेयर अतिरिक्त सिंचाई क्षमता सृजित करेगी। इसके अतिरिक्त, इसमें प्रस्तावित 9 किलोमीटर लंबी झील को एक नए पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे न केवल पेयजल और सिंचाई की जरूरतें पूरी होंगी बल्कि पर्यटन और स्थानीय आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

सौंग बांध परियोजना की भी समीक्षा

सौंग बांध परियोजना देहरादून और उसके उपनगरीय क्षेत्रों में भविष्य की पेयजल आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से शुरू की गई एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसे मार्च 2030 से पहले पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ₹2492 करोड़ की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना में 130.6 मीटर ऊंचे बांध का निर्माण, 14.70 किलोमीटर लंबी और 1.5 मीटर व्यास की जल वहन प्रणाली, 85 किलोमीटर लंबी जल वितरण प्रणाली तथा 150 एमएलडी जल शोधन संयंत्र का निर्माण शामिल है। इसके अंतर्गत बनने वाली 3.5 किलोमीटर लंबी झील को एक नए पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित किया जाएगा। यह परियोजना वर्ष 2053 तक देहरादून और उसके आसपास के क्षेत्रों की अनुमानित 10.65 लाख आबादी के लिए 150 एमएलडी ग्रेविटी-आधारित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करेगी, साथ ही यह क्षेत्र में भूजल पर निर्भरता को कम करने और जल संसाधनों के सतत उपयोग को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होगी।

पर्यटन और स्थानीय विकास को बढ़ावा

दोनों परियोजनाओं के तहत बनने वाली झीलें न केवल जल संरक्षण और आपूर्ति में योगदान देंगी, बल्कि उत्तराखंड के पर्यटन क्षेत्र को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी। जमरानी बांध की 9 किमी लंबी झील और सौंग बांध की 3.5 किमी लंबी झील को पर्यटक स्थलों के रूप में विकसित किया जाएगा। यह उत्तराखंड के पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इन परियोजनाओं में स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए और उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएं।

विस्थापन और मुआवजे पर ध्यान

मुख्यमंत्री धामी ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और पुनर्वास सुविधाएं प्रदान की जाएं। सौंग बांध परियोजना के लिए 30 परिवारों का विस्थापन पहले ही पूरा हो चुका है, और प्रभावितों को सामुदायिक भवन, मंदिर, सड़क, और अन्य बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने की योजना है। जमरानी बांध के लिए भी 351.55 हेक्टेयर वन भूमि और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए 300.5 एकड़ भूमि को मंजूरी दी जा चुकी है।

केंद्र सरकार का सहयोग

जमरानी बांध परियोजना को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PMKSY-AIBP) के तहत शामिल किया गया है, जिसके लिए केंद्र सरकार ने ₹1557.18 करोड़ की सहायता मंजूर की है। इस परियोजना की कुल लागत ₹2584.10 करोड़ है, जिसमें केंद्र का 90% और राज्य का 10% अंशदान है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी करने और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव एस.एन. पाण्डेय, युगल किशोर पंत, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान और अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Uncut Times IPL 2025 ब्रेकिंग न्यूज़

Uncut Times हिंदी पत्रकारिता के अनुभवी मीडियाकर्मी। पिछले 30 सालों से प्रिंट और डिजिटल के विभिन्न माध्यमों के जरिए पत्रकारिता का लंबा अनुभव। हिंदी मीडिया की लेटेस्ट खबरें और सटीक जानकारियां। आप uncuttimesnews@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।


Discover more from Uncut Times - ब्रेकिंग न्यूज, फैक्ट चेक, विश्लेषण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Scroll to Top