एक पेड़ मां के नाम : हरियाली संकल्प में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

एक पेड़ मां के नाम : हरियाली संकल्प में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में हरियाली के क्षेत्र में इतिहास रचते हुए “वृक्षारोपण महाभियान-2025 : एक पेड़ मां के नाम 2.0” के अंतर्गत एक दिन में 37 करोड़ पौधे रोपित करने का संकल्प लिया गया। यह अभियान सुगामऊ वन क्षेत्र (कुकरैल), अवध वन प्रभाग से शुरू हुआ, जहां कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ भारतीय पर्वतीय महासभा और शौर्य फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुपम सिंह भंडारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

“एक पेड़ मां के नाम” क्यों है खास?

इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ पेड़ लगाना नहीं, बल्कि मां और धरती माता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना है। डॉ. अनुपम सिंह भंडारी ने इसे “वर्तमान को सजाने और भविष्य को बचाने का अभियान” बताया। उनका संदेश था – “पेड़ लगाओ, प्रकृति बचाओ! पर्यावरण संरक्षण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।”

एक दिन में 37 करोड़ पौधे – पर्यावरण संरक्षण की नई इबारत

“हरियाली का महाकुंभ” कहे जाने वाले इस अभियान का लक्ष्य एक दिन में 37 करोड़ पौधों का रोपण है। यह भारत के पर्यावरण इतिहास में सबसे बड़ा वृक्षारोपण महाअभियान बन गया है, जो उत्तर प्रदेश को एक हरित प्रदेश के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भारतीय पर्वतीय महासभा व शौर्य फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुपम सिंह भंडारी, माननीय पूर्व मंत्री एवं एमएलसी डॉ. महेंद्र सिंह, माननीय विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव, माननीय एमएलसी उमेश द्विवेदी, रामचंद्र प्रधान, लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख, मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन, डीएफओ सीतांशु पांडेय सहित अन्य प्रशासनिक एवं वन विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

अभियान का संदेश

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान में सिर्फ पौधरोपण नहीं, जन भावनाओं को जोड़ने की कोशिश की गई है। यह भावनात्मक जुड़ाव लोगों को प्रकृति की रक्षा के लिए प्रेरित करता है। इसमें न केवल शहरी बल्कि ग्रामीण जनमानस की भी सक्रिय भागीदारी देखी गई।

उत्तर प्रदेश : हरित राज्य की ओर एक ठोस कदम

इस पहल से उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक वृक्षारोपण करने वाले राज्यों में शामिल हो गया है। हर साल जुलाई में आयोजित होने वाला यह अभियान अब जनांदोलन का रूप ले चुका है। भविष्य में इससे ग्लोबल वॉर्मिंग, कार्बन उत्सर्जन, और वायु प्रदूषण जैसी समस्याओं से लड़ने में मदद मिलेगी। डॉ. अनुपम सिंह भंडारी ने सभी नागरिकों से आग्रह किया, “आइए, इस अभियान से जुड़ें और अपनी मां व धरती मां के नाम एक पौधा जरूर लगाएं। यही भावी पीढ़ी को हरित और स्वस्थ जीवन का उपहार होगा।”

Uncut Times IPL 2025 ब्रेकिंग न्यूज़

Uncut Times हिंदी पत्रकारिता के अनुभवी मीडियाकर्मी। पिछले 30 सालों से प्रिंट और डिजिटल के विभिन्न माध्यमों के जरिए पत्रकारिता का लंबा अनुभव। हिंदी मीडिया की लेटेस्ट खबरें और सटीक जानकारियां। आप uncuttimesnews@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।


Discover more from Uncut Times - ब्रेकिंग न्यूज, फैक्ट चेक, विश्लेषण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Scroll to Top