रामनगर। सावन के तीज पर्व के अवसर पर कॉर्बेट सखी ग्रुप की ओर से रामनगर के होटल देसी रूट्स में तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में शिरकत की और राजस्थानी घूमर, पारंपरिक नृत्य, रैंप वॉक तथा विविध खेलों में भाग लेकर आनंद लिया।
विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं
कार्यक्रम में राजस्थानी घूमर नृत्य, पारंपरिक पोषाक प्रतियोगिता, चम्मच दौड़, म्यूजिकल चेयर, बैलून गेम और 1 मिनट गेम्स प्रमुख आकर्षण रहे। सभी गतिविधियों में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और महिलाओं को एक मंच प्रदान करना था। महिलाएं रंग-बिरंगे परिधानों में पारंपरिक साज-सज्जा के साथ सजी-धजी नजर आईं। सभी ने एक स्वर में कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से हमारी सांस्कृतिक विरासत को संजोने में सहायता मिलती है।
सम्मानित हुईं तीज क्वीन
कार्यक्रम के अंत में तीज व सावन क्वीन की घोषणा की गई, जिसमें इंदु ध्यानी को यह ताज पहनाकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन अनुभा शर्मा और ग्रोविंग बड्स स्कूल की प्रधानाचार्या अनीता रावत ने किया। आयोजन को सफल बनाने में पुष्कर हॉबी क्लास की संस्थापिका एवं समाजसेविका पूनम गुप्ता का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर आरती अग्रवाल, खुशबू, आकांक्षा, अनीता, मेघा, रति, भाजपा नेत्री रूचि गिरी, नीलम, शिवांगी, लवी, इशिका, प्रिया, गीता सहित कई महिलाओं ने हिस्सा लिया।


Uncut Times हिंदी पत्रकारिता के अनुभवी मीडियाकर्मी। पिछले 30 सालों से प्रिंट और डिजिटल के विभिन्न माध्यमों के जरिए पत्रकारिता का लंबा अनुभव। हिंदी मीडिया की लेटेस्ट खबरें और सटीक जानकारियां। आप uncuttimesnews@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।
Discover more from Uncut Times - ब्रेकिंग न्यूज, फैक्ट चेक, विश्लेषण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.