देहरादून : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने 67वें जन्मदिन के अवसर पर देहरादून में अचानक भावुक हो गईं। राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान (NIEPVD) में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के उस वक्त आंसू छलक आए, जब बच्चों ने उन्हें बर्थडे विश किया। इस मार्मिक क्षण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बच्चों की प्रस्तुति ने छू लिया दिल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन उस समय भावुक हो गईं जब राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान (NIEPVD) के विद्यार्थियों ने उन्हें गीत गाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान दृष्टिबाधित छात्रों ने जब ‘हैप्पी बर्थडे’ गीत गाया, तो वहां मौजूद सभी लोग इस आत्मीयता और सादगी से भरे माहौल में भावुक हो उठे। राष्ट्रपति मुर्मू इस स्नेहिल और निश्छल प्रदर्शन से इतना प्रभावित हुईं कि उनकी आंखों में आंसू आ गए। ANI द्वारा साझा किए गए वीडियो में राष्ट्रपति को मंच पर बैठे हुए देखा जा सकता है, जहां वे गीत सुनते समय भावुक होकर रुमाल से अपनी आंखें पोंछती नजर आईं।
राष्ट्रपति ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा,
“बच्चों की आवाज में सच्चाई और दिल की गहराई थी। यह गीत मेरे लिए बेहद खास है। दिव्यांग बच्चे विशेष प्रतिभा के धनी होते हैं, और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़कर वे हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं।”
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल गुरमीत सिंह भी मौजूद रहे। राज्यपाल ने बच्चों को देश के विकास में महत्वपूर्ण भागीदार बताते हुए कहा, “ये बच्चे भारत को 2047 तक एक मजबूत राष्ट्र बनाने के मिशन का हिस्सा हैं।”
राष्ट्रपति का तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार शाम जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर देहरादून पहुंचीं, जहां उनका भव्य स्वागत मुख्यमंत्री धामी और राज्यपाल ने किया। अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान, राष्ट्रपति कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा ले रही हैं। शनिवार को राष्ट्रपति अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्य सरकार के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
देशभर से मिल रही बधाइयां
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 67वें जन्मदिन पर देशभर से नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर लिखा,“राष्ट्रपति जी को हार्दिक जन्मदिन की शुभकामनाएं। उनका जीवन और नेतृत्व देश के करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत है। सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता हर किसी के लिए आशा और शक्ति का प्रतीक है। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी राष्ट्रपति को बधाई दी। राहुल गांधी ने X पर लिखा, “माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मैं उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।”
राहुल गांधी ने भी एक्स पर लिखा, “माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।”


Uncut Times हिंदी पत्रकारिता के अनुभवी मीडियाकर्मी। पिछले 30 सालों से प्रिंट और डिजिटल के विभिन्न माध्यमों के जरिए पत्रकारिता का लंबा अनुभव। हिंदी मीडिया की लेटेस्ट खबरें और सटीक जानकारियां। आप uncuttimesnews@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।
Discover more from Uncut Times - ब्रेकिंग न्यूज, फैक्ट चेक, विश्लेषण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.