Bus Accident News : गुरुवार सुबह जम्मू-कश्मीर से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। उधमपुर जिले के कदवा इलाके में सीआरपीएफ (CRPF) 187वीं बटालियन के जवानों से भरी बस खाई में गिर गई, जिसमें तीन जवान शहीद हो गए और 16 से अधिक जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे ने पूरे देश को गमगीन कर दिया है।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे 187वीं बटालियन के जवान बसंतगढ़ से ऑपरेशन खत्म कर लौट रहे थे। जैसे ही उनका वाहन कदवा क्षेत्र से गुजरा, बस सड़क पर फिसल गई और करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरकर नाले में जा समाई।
मौके पर ही दो जवान शहीद
तेज रफ्तार और खाई की गहराई के कारण दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और सुरक्षाबलों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले एक और जवान ने तोड़ा दम
घायलों में से एक जवान ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस तरह इस हादसे में अब तक तीन जवान शहीद हो चुके हैं।हादसे के समय बस में कुल 23 जवान सवार थे। इनमें से 16 जवान गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों की देखरेख कर रही है।
जांच के आदेश
इस हादसे की खबर फैलते ही पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर लोग शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सड़क फिसलन और वाहन का संतुलन बिगड़ना बड़ी वजह हो सकती है। हालांकि, सटीक कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा।


मनीषा हिंदी पत्रकारिेता में 20 वर्षों का गहन अनुभव रखती हैं। हिंदी पत्रकारिेता के विभिन्न संस्थानों के लिए काम करने का अनुभव। खेल, इंटरटेनमेंट और सेलीब्रिटी न्यूज पर गहरी पकड़। Uncut Times के साथ सफर आगे बढ़ा रही हैं। इनसे manisha.media@uncuttimes.com पर संपर्क कर सकते हैं।
Discover more from Uncut Times - ब्रेकिंग न्यूज, फैक्ट चेक, विश्लेषण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


